बिखरता बालमन और बालपन
[ बाल - दिवस पर विशेष ]
नेहरू जी ने कहा था कि बच्चे बगिया की कली की तरह होते हैं , इसलिए इनकी देखभाल अच्छे तरीके से करनी चाहिए ताकि ये बच्चे हमारे आने वाले कल को , समाज और देश को ये सँवार सकें . अब इस परिदृश्य में यदि हम आकलन करें तो आज बालमन और बालपन दोनों ही विषम परिस्थिति से गुजर रहे हैं .. माँ के गोद से उतरकर बच्चा बचपन की भोली गलियों और गलतियों का आनंद लिए बगैर बड़ा बन जाता है या बड़ा बना दिया जाता है . अब इसके लिए ज़िम्मेवार तो कई चीजें हैं . पर जो सबसे पहले उनके बचपने को रोकती हैं वो है भविष्य का दवाब जो उन्हें नन्हें कदमों के साथ ही एक अच्छे और प्रसिद्ध स्कूल में नामांकन की प्रतिस्पर्द्धा में धकेल देता है अब ऐसी हाल में वो बच्चा अपने बचपन को भला कैसे महसूस कर पायेगा , या जी पायेगा , उसकी सारी शक्ति तो सारी ऊर्जा तो अपने नामांकन की चिंता और माता पिता के सपनों का बोझ ढ़ोने में लग जाती है . अच्छे स्कूल में दाखिल पा लेने वाले बच्चे पुरस्कृत होते हैं और जिन्हें दाखिल नहीं मिल पाता वे सब की नज़रों में तिरस्कृत समझे जाते हैं . चार - पाँच साल की उम्र में ही किसी बच्चे पर योग्य - या अयोग्य होने का ठप्पा लगा देना क्या यह एक बालमन के साथ ज्यादती नहीं है . मुझे अब भी याद है गाँवों का परिदृश्य जहाँ बच्चे ६ - ७ साल तक की आयु तक उन्मुक्त भाव से प्रकृति का रस पान करते हुए गायों के बीच से गुजरते थे , बैलगाड़ी में सवारी करते , गिल्ली - डंडा खेलते , नदियों में डुबकी लगाते , गोबर के उपले को तोड़ते , पेड़ों से आम और अमरुद तोड़कर खाते ,,,. सच पूछिये तो बचपन के ये पल बहुत कीमती होते हैं जो हमें जीवन के सुन्दर रूप से परिचित करते हैं . पर अब आज के युग में तो बालक मिट्टी छूने से घबराते हैं . कदाचित मॉडर्न मम्मी - पापा उनके मन में ये भय बिठा देते हैं कि मिट्टी छूने से उन्हें त्वचा सम्बन्धी बीमारी हो जायेगी या ऐसा करना उनके सामाजिक प्रतिष्ठा पर काला धब्बा लगा देगा . नतीजतन बच्चे के हाथ वीडियो गेम और कम्पयूटर पर थिरकते रहते हैं . एक मिथ्या दुनिया की सैर करते हुए ये बच्चे खिड़की के बाहर अँगड़ाई ले रही सुन्दर शाम की छटा से वंचित रह जाते हैं . छुट्टियों में अपने पैतृक गाँव जाने के बजाय हिल स्टेशन की तरफ उनका सफर तय होता है . बच्चे स्वाभाविकता और प्राकृतिक पहलू से दूर कर दिए जाते हैं . अब ऐसे में हमारे नौनिहाल एक कृत्रिम जीवन जीने के आदि हो जाते हैं . जिस बच्चे ने देश की मिट्टी को छुआ नहीं , पेड़ों और पत्तों को महसूसा नहीं , बगीचे और खेतों से जिसके पाँव गुजरे नहीं , वह भला देश या पर्यावरण से क्या प्रेम कर पायेगा .
